रावी-ब्यास नदियों के पानी का वैध हिस्सा लेने और सतलुज-यमुना लिंक नहर को पूरा करवाने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध – राज्यपाल

 रावी-ब्यास नदियों के पानी का वैध हिस्सा लेने और सतलुज-यमुना लिंक नहर को पूरा करवाने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध – राज्यपाल


चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को यमुना नदी के ऊपरी इलाकों में प्रमुख बांधों के निर्माण के माध्यम से राज्य के निवासियों के लिए निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।



विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार यमुना तथा उसकी सहायक नदियों-गिरि और टोंस से राज्य को पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रेणुका, किशाऊ और लखवाड़ व्यासी बांधों के निर्माण के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। इन बांधों के पूरा होने पर हरियाणा को कुल भंडारित पानी का 47.81 प्रतिशत पानी मिलेगा।


राज्यपाल ने कहा कि आदिबद्री बांध के निर्माण हेतु हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन किया गया है। हिमाचल सरकार द्वारा बनाए जा रहे इस बांध के जून, 2027 तक पूरा होने की सम्भावना है और इससे हरियाणा के लिए पानी की उपलब्धता और मजबूत होगी।


बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि सरकार रावी-ब्यास नदियों के पानी का हमारा वैध हिस्सा प्राप्त करने और सतलुज-यमुना लिंक नहर को पूरा करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में निरंतर ठोस पैरवी की जा रही है। 


उन्होंने कहा कि तालाबों के जीर्णोद्धार एवं कायाकल्प के साथ-साथ गन्दे पानी के उपचार एवं प्रबंधन के उद्देश्य से हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण का गठन किया गया है। अमृत सरोवर मिशन के तहत 2,215 तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो चुका है।

Post a Comment

0 Comments