बिहार में एनडीए की जीत के लिए हरियाणा भाजपा ने झोंकी ताकत, बिहार मूल के 1 लाख से अधिक लोगों से हो चुका अब तक संपर्क
एनडीए को जीताने के लिए बिहार मूल के लोगों में जबरदस्त उत्साह : पंडित मोहन लाल बड़ौली
सीएम हाउस चंडीगढ़ में हुई भाजपा की बड़ी बैठक, मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली रहे मौजूद
चंडीगढ़, 22 अक्टूबर। बिहार में एनडीए गठबंधन को जीत दिलाने के लिए हरियाणा भारतीय जनता पार्टी भी पूरा जोर लगा रही है। हरियाणा में रह रहे बिहार राज्य के वोटर वोटिंग के समय बिहार अपनी-अपनी विधानसभा में पहुंचकर अपना वोट करें, इसके लिए हरियाणा भाजपा ने एक प्रोपर योजना बनाई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली के नेतृत्व में भाजपा की पूरी टीम इस पर लगातार कार्य कर रही है। भाजपा के करीब 25 नेता फिलहाल बिहार में मौजूद हैं और एनडीए की जीत के लिए कार्य कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में मौजूद बिहार के करीब दो से तीन लाख लोगों से संपर्क करने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली के मुताबिक हरियाणा में रह रहे मूल रूप से बिहार निवासी एक लाख लोगों से संपर्क कर उनसे मीटिंग की जा चुकी है। बडौली के अनुसार बिहार के इन सभी लोगों में बिहार चुनाव में एनडीए को वोट करने के लिए उत्साह है।
बुधवार को चंडीगढ़ में सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, प्रभारियों, मोर्चा पदाधिकारियों और बिहार मूल के कार्यकर्ताओं की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया गई। मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता आदि की उपस्थिति में बिहार चुनाव और आने वाले दिनों में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सृष्टि के महान शिल्पी, देव वास्तुकार भगवान श्री विश्वकर्मा जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री विश्वकर्मा जी से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में आत्मनिर्भर भारत, माई भारत अभियान, एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती को भव्य बनाने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी सभी अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, एक भारत श्रेष्ठ भारत की जिला एवं विधानसभा टोली के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि बिहार चुनाव में हरियाणा भाजपा के 54 के करीब नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई है। उन्होंने कहा कि अभी और भी नेता बिहार चुनाव में प्रचार के लिए जाएंगे। श्री बड़ौली ने दावा करते हुए कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि एनडीए का चेहरा विकास है। एनडीए की सरकार में जो विकास हुआ है उसके बलबूते पर वोट मांग रहे हैं। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वोट चोरी और एसआईआर जैसे मुद्दे फेल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता नकार चुकी है। श्री बड़ौली ने कहा कि बीजेपी पूरे देश को लेकर काम करती है, जबकि कांग्रेस परिवार को लेकर काम करती है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर माई भारत अभियान के तहत सभी लोकसभाओं में तीन दिन यात्राएं निकाली जाएंगी। 31 अक्टूबर को हर जिला में रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा। 6 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत कार्यक्रम होंगें जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता सरकार से साथ मिलकर मोदी और नायब सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि स्कूल कालेजों के युवा सरदार पटेल के सपनों और संकल्पों का भारत बनाने के लिए जिलों में 8 से 10 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। समाज का हर वर्ग इस यात्रा से जुड़ेगा।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर सामाजिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं। प्रधानमंत्री का आत्मनिर्भर भारत का आह्वावन देशभर में विभिन्न आयामों में गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी संकल्प एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है। यह एक आह्वान है कि हम अपने देश में बने उत्पादों को अपनाए, अपनी संस्कृति को गले लगाएं, और अपने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करें। हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी हमारा मंत्र है, हमारा लक्ष्य है, और हमारी शक्ति है।
श्री बड़ौली ने कहा हिक हमारा लक्ष्य है कि हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का संदेश पहुंचे। बैठक में उन्होंने कहा कि यह हमा आग्रह है कि इस संकल्प को गाँव-गाँव, गली-गली तक पहुँचाएं। हर घर में स्वदेशी की अलख जगाए। हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी।
बॉक्स
बिहार चुनाव में इन भाजपा नेताओं की भी लगी ड्यूटी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि हरियाणा भाजपा के कई अन्य प्रमुख नेताओं को बिहार चुनाव में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी बिहार में कुछ स्थानों पर जनसभाएं भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, बड़खल के विधायक धनेश अदलखा, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक सतीश फगाना, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री डा. अभय सिंह यादव, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा नेता रवि बतान और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता आदि नेता चुनाव प्रचार के लिए बिहार में हैं।
0 Comments