हरियाणा में 7 नवंबर को गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’ का स्वर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समीक्षा बैठक कर दिए अधिकारियों को निर्देश
प्रदेश में गरिमामय ढंग से हो कार्यक्रम का आयोजन
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 7 नवंबर 2025 को ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण हो रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार पूरे भारत में 7 नवंबर को प्रातः 10:00 बजे ‘वंदे मातरम्’ गीत का एक साथ समूह गान होना है। इस कार्यक्रम को हरियाणा में भी गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ सचिवालय से 7 नवंबर को होने वाले आयोजन को लेकर उच्च अधिकारियों व वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े प्रदेश के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन मंडल, जिला, उप मंडल व ब्लॉक स्तर पर किया जाना है। कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के सदस्य़, लोकसभा, राज्यसभा सदस्य़ और विधायक बतौर मुख्य़ अतिथि शिरकत करेंगे। इसके साथ-साथ सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों, कालेजों व विश्वविद्यालयों में भी 7 नवंबर को वंदे मातरम गीत का आयोजन किया जाना है। इसके लिए शिक्षा निदेशालय सभी प्राचार्यों को कार्यक्रम की जानकारी तत्काल दे दें। कार्यक्रम में विद्यार्थिय़ों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सायंकाल में सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर एलईडी के माध्यम से वंदे मातरम गीत को सुनवाया जाए।
बैठक में सूचना, जनसंपर्क, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 7 नवंबर 2025 से लेकर 7 नवंबर 2026 तक पूरे वर्ष भर कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहला चरण 7 से 14 नवंबर 2025 तक होगा, जिसमें अंबाला में 7 नवंबर को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। दूसरा चरण 19 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक, तीसरा चरण 7 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक, इस चरण को हर घऱ तिरंगा कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा तथा चौथा व अंतिम चरण 1 से 7 नवंबर 2026 तक होगा।
उन्होंने इस बात की भी जानकारी दी कि भारत सरकार ने vande mamtram@150.in एप जारी किया है। 7 नवंबर को सामूहिक गान के बाद कोई भी व्यक्ति वंदे मातरम गीत को अपनी शैली में गाकर इस एप पर भेज सकता है और श्रेष्ठ गायक को प्रमाण देकर पुरस्कृत भी किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments