लोकसभा में रामनारायण यादव का व्याख्यान, दल-बदल कानून पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को किया संबोधित

 लोकसभा में रामनारायण यादव का व्याख्यान, दल-बदल कानून पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को किया संबोधित



*हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण के सलाहकार रामनारायण यादव ने 17 देशों के प्रतिनिधियों के बीच साझा किए अनुभव, संसदीय परंपराओं पर डाला प्रकाश*


नई दिल्ली। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण के सलाहकार रामनारायण यादव को लोकसभा की तरफ से विशेष निमंत्रण प्राप्त हुआ, जहां उन्होंने दल-बदल कानून (Anti-Defection Law) पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 17 देशों की संसदों से आए 43 प्रतिनिधियों के साथ-साथ भारतीय संसद के कई अधिकारियों ने भाग लिया।


रामनारायण यादव ने अपने संबोधन में दल-बदल कानून की संवैधानिक पृष्ठभूमि, इसकी आवश्यकता, व्यावहारिक चुनौतियों और भारत में इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने में दल-बदल कानून की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही, उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से यह भी समझाया कि किस प्रकार यह कानून राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित करता है और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करता है।

रामनारायण यादव के अनुसार आज का यह आयोजन विशेष महत्व का था क्योंकि इसमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ अनुभव और ज्ञान का आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भारत की संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रणाली को वैश्विक स्तर पर समझाने का एक सशक्त माध्यम हैं।


गौरतलब है कि ये सभी विदेशी प्रतिनिधि पिछले एक महीने से भारत में संसदीय प्रणाली और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण के अगले चरण में इन्हें एक सप्ताह के लिए राजस्थान विधान सभा के साथ जोड़ा जाएगा, जहां वे राज्य स्तरीय विधायी प्रक्रियाओं को करीब से समझेंगे।


रामनारायण यादव को समय-समय पर लोकसभा द्वारा व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया जाता रहा है, जो उनकी विषय विशेषज्ञता और अनुभव का प्रमाण है। उनके इस व्याख्यान को प्रतिभागियों ने अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया। इस कार्यक्रम के माध्यम से भारत ने एक बार फिर अपनी संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है।

Post a Comment

0 Comments